बिरौल में होली के बाद कहुआ गांव में कहासुनी , खूनी संघर्ष, दो पक्षों के 35 लोगों पर एफआईआर, 4 गिरफ्तार

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

होली का त्योहार समाप्त होते ही जिले के बिरौल थाना क्षेत्र स्थित कहुआ गांव में खुशियों की जगह हिंसा ने ले ली। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 35 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है और अब तक चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली का उत्सव संपन्न होने के बाद किसी बात को लेकर राजू सहनी और नूनू सहनी के बीच विवाद शुरू हुआ। इसको लेकर गांव में पंचायत हो रही थी कि देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरौल थानाध्यक्ष चंद्र मणि ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली लिखित शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। पहला पक्ष राजू सहनी के आवेदन पर दूसरे पक्ष के 13 लोगों को नामजद किया गया है।
दूसरा पक्ष सुनीता देवी के बयान पर पहले पक्ष के 22 लोगों को नामजद किया गया है। गांव में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक पक्ष से संजीत सहनी और नूनू सहनी, जबकि दूसरे पक्ष से विरेन्द्र सहनी और रंजीत सहनी शामिल हैं। थानाध्यक्ष चंद्र मणि ने बताया कि चारों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।