बाइक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत, परिवार में पसरा मातम

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

हायाघाट थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में गुरुवार को बाइक की ठोकर से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को डीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान रसलपुर निवासी रामेश्वर सदा (77) के रूप में हुई है।
डीएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद मृतक के भतीजे शंभू सदा ने बताया कि ठोकर लगने के बाद बाइक चालक ही उनके चाचा को गंभीर अवस्था में हायाघाट पीएचसी लेकर गया, लेकिन वहां भर्ती कराने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल रामेश्वर सदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि डीएमसीएच ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन पीएचसी पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक के दो पुत्र हैं, जो बाहर रहकर काम करते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं पुलिस को बाइक का नंबर मिल गया है और चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।