दरभंगा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘अस्मिता’ पहल के तहत दौड़ प्रतियोगिता 8 मार्च को

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन दरभंगा द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा Sports Authority of India के निर्देशानुसार जिला प्रशासन दरभंगा, MY Bharat दरभंगा और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘अस्मिता’ पहल के अंतर्गत यह भव्य दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी।

यह प्रतियोगिता 08 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से Nehru Stadium Laheriasarai में आयोजित की जाएगी। ‘अस्मिता’ (Achieving Sports Milestone by Inspiring Women Through Action) भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना और खेलों में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों के लिए दौड़ आयोजित की जाएगी—
• अंडर-13 वर्ष
• 13-18 वर्ष
• 18 वर्ष से अधिक

इन सभी वर्गों में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता कराई जाएगी।

जिला युवा अधिकारी, MY Bharat दरभंगा ने बताया कि माय भारत युवाओं, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को खेल और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ‘अस्मिता’ पहल महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करेगी और इससे जिले में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल महिलाएं और बालिकाएं ही भाग ले सकती हैं। इच्छुक प्रतिभागी MY Bharat की आधिकारिक वेबसाइट mybharat.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि ‘अस्मिता’ लीग का आयोजन देश के लगभग 250 जिलों में किया जा रहा है। सभी महिला प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।