+2 उच्च विद्यालय कंसी में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता सह सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास निगम, दरभंगा के तत्वावधान में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), दरभंगा द्वारा दरभंगा सदर प्रखंड अंतर्गत +2 उच्च विद्यालय कंसी, सदर में “बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम सह सखी वार्ता” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान DHEW, दरभंगा की जिला मिशन समन्वयक एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ द्वारा बताया गया कि समाज के अंतिम वर्ग तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जिसका बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।

इस दौरान विवाह की वैधानिक आयु तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित विषयों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कार्यक्रम में संकट की स्थिति में उपलब्ध सेवाओं जैसे कानूनी सहायता, परामर्श सेवा, अस्थायी आश्रय, मेडिकल सहायता एवं पुलिस सहयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 तथा इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 के उपयोग के बारे में भी बालिकाओं को बताया गया।

इस अवसर पर बालिकाओं एवं महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा को प्राथमिकता देने, आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़े होने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बालिकाओं के बीच एमएचएम (MHM) किट का वितरण किया गया।