राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा को लेकर संयुक्त आदेश जारी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार तथा वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।

यह परीक्षा 11 मार्च 2026 को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। निर्धारित परीक्षा केंद्रों में बीकेडी राजकीय उच्च विद्यालय जिला स्कूल दरभंगा, आरएनएम बालिका उच्च विद्यालय लहेरियासराय, सफी मुस्लिम उच्च विद्यालय बेंता तथा एमएल एकेडमी लहेरियासराय शामिल हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी—
प्रथम पाली: प्रातः 10:30 बजे से 12:00 बजे तक
द्वितीय पाली: अपराह्न 1:00 बजे से 2:30 बजे तक

दृष्टिबाधित एवं लिखने में असमर्थ दिव्यांग परीक्षार्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

संयुक्त आदेश के अनुसार परीक्षा के स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन हेतु सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में 11 मार्च को बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी।

परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को 11 मार्च को सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

सभी केंद्र अधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षा कार्य से जुड़े शिक्षक एवं कर्मचारी अपने साथ केवल परीक्षा संबंधी वैध दस्तावेज ही केंद्र पर लाएं। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा की संपूर्ण विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पास रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा को स्वच्छ, कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।