राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा को लेकर संयुक्त आदेश जारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर संयुक्त आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी के हस्ताक्षर से यह आदेश जारी किया गया।

यह परीक्षा 11 मार्च 2026 को दरभंगा जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें
• बीकेडी राजकीय उच्च विद्यालय (जिला स्कूल), दरभंगा
• आरएनएम बालिका उच्च विद्यालय, लहेरियासराय
• सफी मुस्लिम उच्च विद्यालय, बेंता
• एमएल एकेडमी, लहेरियासराय

शामिल हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।
• प्रथम पाली: सुबह 10:30 बजे से 12:00 बजे तक
• द्वितीय पाली: दोपहर 1:00 बजे से 2:30 बजे तक

दृष्टि बाधित एवं लिखने में असमर्थ दिव्यांग परीक्षार्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

परीक्षा के स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) को निर्देश दिया गया है कि सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कराना सुनिश्चित करें।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी 11 मार्च को सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

केंद्र अधीक्षक एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि परीक्षा कार्य से जुड़े शिक्षक एवं कर्मचारी अपने साथ केवल परीक्षा से संबंधित आवश्यक कागजात ही लाएं। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के पास रहेगी। प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा को स्वच्छ, कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराना सुनिश्चित करें