बिरौल में हर्षोल्लास और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हुआ होली का त्योहार,देर रात तक चौकसी करती रही पुलिस
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
मिथिलांचल की पावन धरती और दरभंगा जिले के प्रमुख अनुमंडल बिरौल में रंगों का महापर्व ‘होली’ आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में अबीर-गुलाल की सतरंगी छटा बिखरी रही और लोगों ने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया।
सुबह से ही युवाओं की टोलियां ‘जोगिरा सारा रारा’ की गूंज के साथ सड़कों पर निकल पड़ीं। ग्रामीण इलाकों से लेकर मुख्य बाजार तक लोग एक-दूसरे के घर जाकर रंग-गुलाल लगाते दिखे। इस अवसर पर घरों में बने पारंपरिक पुआ, पकवान और व्यंजनों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने और छोटों को स्नेह देने का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी के सीधे निर्देशन में थानाध्यक्ष चन्द्र मणि के नेतृत्व में बिरौल के कोने-कोने में पुलिस की गश्त जारी रही। किसी भी अप्रिय घटना या विवाद को रोकने के लिए सभी पीएसआई टीम की ओर से संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बरती गई। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए दर्जनों रणनीतिक स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे। पुराना थाना चौक में पर्यवेक्षी पुलिस पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन और अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार होली संपन्न होने तक जमे रहे। पुराना थाना चौक जैसे महत्वपूर्ण केंद्र पर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से आम जनता ने खुद को सुरक्षित महसूस किया। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर, पूरे अनुमंडल में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रही और लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से रंगों के इस उत्सव का आनंद लिया।
