नीतीश कुमार  दिल्ली जाएंगे या नया चेहरा? राज्यसभा सीट पर जदयू में मंथन तेज, बोले विजय कुमार चौधरी अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे

दस्तक 7मीडिया /पटना 

राज्यसभा चुनाव को लेकर नीतीश कुमार  की पार्टी जदयू में सस्पेंस बरकरार है। गुरुवार यानि आज नामांकन का अंतिम दिन है, लेकिन अब तक उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बुधवार को दिनभर बैठकों का दौर चला पहले मुख्यमंत्री आवास पर और फिर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा  के आवास पर वरिष्ठ नेताओं ने मंथन किया।

बैठक के बाद संकेत मिले कि बड़ा फैसला होने वाला है। मीडिया से बातचीत में मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार के नाम पर मंथन पूरा हो चुका है और अब अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को लेना है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री हमारे सर्वमान्य नेता हैं, उनके निर्णय और इच्छा से ही सब कुछ होगा।”

सीएम के राज्यसभा जाने’ की चर्चा तेज

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री खुद राज्यसभा जा सकते हैं। हालांकि इस पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन पार्टी के भीतर इसे लेकर गंभीर विचार-विमर्श की बात सामने आई है। विजय चौधरी के बयान को इसी कड़ी में अहम माना जा रहा है।

निशांत की एंट्री पर भी हलचल

विजय चौधरी ने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार  की संभावित राजनीतिक एंट्री को लेकर भी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत राजनीति में आएं। “वह युवा हैं, शिक्षित हैं और नेतृत्व क्षमता रखते हैं। बहुत जल्द राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।” इस बयान के बाद जदयू में नई पीढ़ी को आगे लाने की चर्चा तेज हो गई है।

दोनों सीटों पर एक साथ घोषणा

राज्यसभा की दो सीटों को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय चौधरी ने कहा कि जब भी घोषणा होगी, दोनों सीटों के उम्मीदवारों के नाम एक साथ सामने आएंगे। उन्होंने मीडिया से अपील की कि “कुछ घंटों का सब्र रखिए, बहुत जल्द फैसला सार्वजनिक होगा।”

फिलहाल जदयू में अंतिम फैसले की घड़ी नजदीक है। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नीतीश कुमार खुद दिल्ली की राह पकड़ेंगे या पार्टी कोई नया चेहरा सामने लाएगी। गुरुवार को नामांकन के साथ तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।