NH-27 पर भीषण आगलगी: राजा लाइन होटल समेत कई दुकानें जलकर राख, लाखों की क्षति कई दुकानें जलकर राख, लाखों की क्षति

दीपक कुमार / गायघाट

बेनीबाद थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब NH 27 स्थित राजा लाइन होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और होटल परिसर में स्थित कई गुमटी व छोटी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। सूचना मिलते ही बेनीबाद पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। ग्रामीणों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को मुआवजा देने की मांग उठने लगी है।