दरभंगा में होली पर खूनी खेल: घर में घुसकर महिलाओं-बच्चों की पिटाई, महिला गंभीर हालत में डीएमसीएच में भर्ती

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 होली के दिन रंग और उमंग के बीच बेंता थाना क्षेत्र में हिंसा का भयावह मामला सामने आया है। बेंता चौक के समीप शाहगंज इलाके में एक घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरबी मेमोरियल हॉस्पिटल के पीछे रहने वाली प्रीति देवी (पति– छोटू साहनी) के घर में अचानक 10 से अधिक लोग घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य परिजनों के साथ जमकर मारपीट की।

परिजनों ने बताया कि मोहल्ले में प्रीति देवी के छोटे भाई और एक अन्य युवक के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जिसे तत्काल सुलझा लिया गया था। लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के लोग समूह बनाकर पहुंचे और एकतरफा हमला बोल दिया।

हमले में प्रीति देवी के पैरों में गंभीर चोट आई है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें इस तरह पीटा गया, मानो जान से मारने की नीयत हो। अत्यधिक रक्तस्राव और असहनीय दर्द की शिकायत के बाद उन्हें डीएमसीएच के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों में 4-5 पुरुष और 4-5 महिलाएं शामिल थीं। एक आरोपी की पहचान कैलाश कुमार, निवासी चमकतोली गैस गोदाम, शाहगंज बेंता के रूप में की गई है।

फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से शिकायत की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।