न्यू लायंस क्लब अहियारी द्वारा प्रतिभा सम्मान सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन
दस्तक 7मीडिया ,सिंहबाड़ा /विजय ठाकुर
न्यू लायंस क्लब अहियारी की ओर से अहल्या स्थान दुर्गा मंदिर प्रांगण में प्रतिभा सम्मान सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान वर्ष 2025 सत्र में माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं स्नातक स्तर पर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए कुल 14 छात्र-छात्राओं को मंच पर प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दरभंगा-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभेंद्र कुमार सुमन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा आयोजन समिति की सराहना की।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी अद्भुत झलक देखने को मिली। कलाकारों ने होली गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सौरव सिंह, आशुतोष सिंह, रघुवीर ठाकुर सहित अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से माहौल को उत्सवमय बना दिया।
