बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई,फकिरना चौक के पास छापेमारी में विदेशी शराब जब्त, आरोपी फरार

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार को बिरौल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फकिरना चौक के पास छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पु०अ०नि० शशि भूषण रजक को दोपहर को सूचना मिली कि फकिरना चौक के पास अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फकिरना चौक से लगभग 200 मीटर आगे सुधीर कामती के गेहूं के खेत में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने खेत से कुल 1.470 लीटर विदेशी शराब बरामद की, जिसमें हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए निर्धारित ब्रांड शामिल थे। पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कोर्ट-कचहरी के डर से गवाह बनने से इनकार कर दिया। जांच में पता चला है कि जिस खेत से शराब मिली है, वह ग्राम फकिरना निवासी सुधीर कामती का है। इस मामले में बिरौल थाना में कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।