दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर में नवजात का शव मिलने से सनसनी,

नाले के पास मिला शव, आवारा कुत्तों ने नोचा,कई सवाल खड़े

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

मानवता सोमवार को एक बार फिर शर्मसार हो गई जब दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) परिसर स्थित न्यू सर्जिकल बिल्डिंग के सामने से गुजरने वाली सड़क के किनारे नाले के पास एक नवजात का शव फेंका हुआ मिला। आवारा कुत्तों ने शव का सिर बुरी तरह नोच डाला था। यह दृश्य देख वहां से गुजर रहे लोगों के बीच दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय नाले के पास कुत्तों का झुंड मंडराता दिखा। पास जाकर देखने पर लोगों के होश उड़ गए। नवजात का शव खुले में पड़ा था और कुत्ते उसे नुकसान पहुंचा रहे थे। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि नवजात का शव वहां तक कैसे पहुंचा। आमतौर पर ऐसी घटनाओं में निजी अस्पतालों पर उंगली उठाई जाती है, लेकिन जिस स्थान पर शव मिला, वहां से निजी अस्पतालों की दूरी अधिक है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं अस्पताल परिसर या आसपास ही प्रसव तो नहीं हुआ।
यह भी चर्चा है कि यदि बच्चा मृत पैदा हुआ था तो उसके अंतिम संस्कार के बजाय शव को खुले में क्यों फेंका गया। वहीं कुछ लोग इसे अवैध संबंध से जन्मे शिशु से जुड़ी घटना भी मान रहे हैं। हालांकि इन तमाम आशंकाओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल प्रशासन से भी पूछताछ की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।