लहेरियासराय थाना में शांति समिति की बैठक, होली पर सख्ती के संकेत,
शराब, सूखा नशा और बुलेट साइलेंसर पर कार्रवाई की चेतावनी; चप्पे चप्पे पर वर्दी और सादे लिबास में रहेगी पुलिस।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर लहेरियासराय थाना परिसर में शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित कुमार ने की। इस दौरान पर्यवेक्षी पुलिस पदाधिकारी वीरेंद्र चौधरी , एसआई अमित कुमार, एएसआई बालाकांत के अलावा विभिन्न वार्ड पार्षद, शांति समिति के सदस्य एवं कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में होली के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, शराब और सूखा नशा की अवैध बिक्री पर रोक तथा हुड़दंगियों पर नकेल कसने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने मोहल्लों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए पुलिस प्रशासन को जमीनी हालात से अवगत कराया। अधिकांश वक्ताओं ने अप्रत्यक्ष रूप से हो रही शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई। साथ ही कई मोहल्लों में सूखा नशा करने वाले युवकों द्वारा चिन्हित स्थलों की जानकारी भी पुलिस को दी गई।

बुलेट साइलेंसर से दहशत, कार्रवाई की मांग

बैठक में मौजूद समाजसेवी मो. अल्लन ने कहा कि इन दिनों कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिल में ऐसे साइलेंसर लगा रहे हैं, जिससे गोली जैसी तेज आवाज निकलती है। इससे स्थानीय लोग भयभीत हो जाते हैं। उन्होंने ऐसे वाहन चालकों को सख्ती से मना करने तथा आवश्यक होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

कई वार्ड सदस्यों ने यह भी कहा कि होलिका दहन  और होली के दिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हुड़दंग मचाया जाता है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है। विशेष रूप से पंडासराय और अंधेरियाबाग मोहल्ले में शराब की बिक्री और सूखा नशा की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने बताया कि इन इलाकों में बच्चे और युवक धड़ल्ले से नशा कर रहे हैं, जो सामाजिक वातावरण के लिए गंभीर खतरा है।

अंधेरियाबाग से 41 गिरफ्तार, पुलिस अलर्ट

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अंधेरियाबाग क्षेत्र में अब तक 41 शराबियों एवं अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पंडासराय क्षेत्र से भी कई शराब माफियाओं को पकड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी पर पुलिस की कड़ी नजर है और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर सभी मोहल्लों और टोलों में नियमित गश्ती सुनिश्चित की गई है। एक दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन तुरंत संपर्क कर सकें। थानाध्यक्ष ने कहा कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है और कई पुलिसकर्मियों को सादे वर्दी में भी लगाया गया है, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

सूचना दें, फोटो भेजें:पुलिस की अपील

थानाध्यक्ष ने सभी वार्ड पार्षदों, शांति समिति के सदस्यों एवं नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं हुड़दंग, छेड़छाड़, अवैध शराब बिक्री या गोली जैसी आवाज करने वाले साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि वाहन का नंबर प्लेट फोटो खींचकर व्हाट्सएप पर भेजने से त्वरित कार्रवाई संभव होगी।

बैठक में प्रो. अशोक सिंह, मो. अल्लन, पप्पू महासेठ सहित कई दर्जन स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी के सहयोग से इस बार होली का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।