5 लाख घूस और स्मार्ट वॉच लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता पर केस दर्ज

दस्तक 7मीडिया /बेतिया।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत Special Vigilance Unit (एसवीयू) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए Bihar Shiksha Pariyojna के एक सहायक अभियंता को 5 लाख रुपये रिश्वत और एक स्मार्ट वॉच लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम करीब 5:35 बजे बेतिया में की गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपी सहायक अभियंता ठेकेदार शम्स तबरेज से लंबित निर्माण कार्यों के बिल पास करने के एवज में 5 लाख रुपये नकद और एक स्मार्ट वॉच की मांग कर रहे थे। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एसवीयू से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी को घूस लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 9/26 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) के तहत दर्ज कर ली गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

एसवीयू की इस कार्रवाई से विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।