हनुमाननगर प्रखंड में धूमधाम से मना होली मिलन समारोह।

नशा छोड़ प्रेम से मनाएं होली: प्रमुख संतोष कुमार यादव,

बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है होली: प्रमुख

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

हनुमाननगर प्रखंड कार्यालय परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रमुख संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित हुआ। समारोह में प्रखंड क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी,थाना अध्यक्ष,प्रखंड कार्यालय के कर्मचारी और आसपास के पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रमुख संतोष कुमार यादव ने कहा कि होली आपसी प्रेम,भाईचारे और एकता का पर्व है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। हम सभी हर साल होली मनाते हैं,लेकिन इस बार हमारी विशेष कामना है कि सभी लोग नशा मुक्त होली मनाएं। उन्होंने प्रखंड की जनता से अपील की कि होली के दिन किसी भी प्रकार का नशा न करें और शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने आगे कहा कि जब हम एक-दूसरे से गले मिलते हैं और पुरानी बातों को भूलकर नई शुरुआत करते हैं,तभी होली का असली अर्थ पूरा होता है। समाज में एकता और सद्भाव बना रहे,यही हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रखंडवासियों को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर नियाम छतौना पंचायत के मुखिया ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी प्रखंड प्रमुख द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है,जो सराहनीय है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा भी नशा मुक्त होली मनाने की अपील की गई है।जनप्रतिनिधि होने के नाते हम सभी की जिम्मेदारी है कि लोगों को जागरूक करें और उन्हें सही संदेश दें।
मुखिया ने कहा कि प्रखंड के सभी लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाएं। नशा से दूर रहकर खुशियों के रंगों से त्योहार मनाएं। अंत में उन्होंने भी सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन आपसी मिलन और शुभकामनाओं के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में एकता,सौहार्द और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।