होली से पहले दरभंगा में मद्यनिषेध की बड़ी कार्रवाई,

353 लीटर विदेशी शराब बरामद, ड्रोन से 235 लीटर चुलाई शराब व 8215 किलो जावा महुआ नष्ट; करीब 4.94 लाख की जब्ती

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज 

होली पर्व को लेकर जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। विभागीय आदेश तथा जिला पदाधिकारी, दरभंगा कौशल कुमार के निर्देश के आलोक में मद्य निषेध विभाग द्वारा लगातार सघन छापामारी, गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 01 मार्च 2026 को मद्यनिषेध टीम, दरभंगा ने बहादुरपुर थाना के साथ संयुक्त रूप से छापामारी की। बहादुरपुर थानान्तर्गत अम्माडीह गांव में की गई कार्रवाई के दौरान 353.085 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापेमारी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया। ड्रोन के माध्यम से की गई निगरानी और कार्रवाई में 235.000 लीटर चुलाई शराब तथा 8215.000 किलोग्राम जावा महुआ (गुड़ का घोल) बरामद किया गया। मौके पर ही चुलाई शराब और जावा महुआ को विनष्ट कर दिया गया। जब्त और विनष्ट की गई शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 4 लाख 94 हजार रुपये आंका गया है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार दरभंगा ने बताया कि होली के मद्देनजर शराब की भंडारण, परिवहन और अवैध बिक्री की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। लगातार शराब के अड्डों और संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।