खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव से दरभंगा के परिवारों की बढ़ी चिंता, सुरक्षित वापसी की मांग तेज
खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव से दरभंगा के परिवारों की बढ़ी चिंता, सुरक्षित वापसी की मांग तेज
खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव से दरभंगा के परिवारों की बढ़ी चिंता, सुरक्षित वापसी की मांग तेज
दस्तक 7मीडिया /अफजल खान
पश्चिम एशिया में गहराते संकट और ईरान द्वारा कई देशों पर हमले की खबरों के बीच दरभंगा जिले के सैकड़ों लोगों के खाड़ी देशों में फंसे होने की सूचना से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। हालात को लेकर परिवारों में बेचैनी है और वे केंद्र सरकार से सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सिमरी थाना क्षेत्र के मो. जूही, मो. पप्पू, मो. जब्बार, राजकिशोर शर्मा और प्रदीप महतो सहित बसतबाड़ा के मो. फरीद व हारून खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। वहीं कुवैत में रह रहे अखलाकुर रहमान के परिजन मो. फजलूर रहमान ने बताया कि मौजूदा हालात को लेकर परिवार काफी परेशान है। उन्हें अपने परिजन की सलामती की चिंता सता रही है।
इधर कतर में कार्यरत नासिर अनवर के पिता ने कहा कि उनका बेटा वहां फंसा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच आगे की स्थिति क्या होगी, इसे लेकर पूरा परिवार चिंतित है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ला निवासी मो. जलाउद्दीन और लहेरियासराय थाना क्षेत्र के करमगंज निवासी बदरुल हसन भी खाड़ी देश में हैं। परिजनों का कहना है कि फिलहाल संपर्क बना हुआ है, लेकिन हालात सामान्य नहीं हैं।
करमगंज की जहांआरा ने बताया कि उनकी अपने पति से लगातार बातचीत हो रही है। उनके अनुसार अभी नागरिक इलाकों में हमला नहीं हुआ है और वे सुरक्षित हैं, लेकिन माहौल तनावपूर्ण है और किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली गांव निवासी मो. गफ्फार ने बताया कि उनका भाई जब्बार तीन साल से घर नहीं आया है और इस बार ईद पर लौटने वाला था। मौजूदा परिस्थितियों ने पूरे परिवार की चिंता बढ़ा दी है।
जिले के कई परिवारों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जरूरत पड़ने पर विशेष विमान या अन्य माध्यम से खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए।