दरभंगा में होली को लेकर प्रशासन अलर्ट:24 घंटे सक्रिय रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
दरभंगा में होली को लेकर प्रशासन अलर्ट:24 घंटे सक्रिय रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
दरभंगा में होली को लेकर प्रशासन अलर्ट:24 घंटे सक्रिय रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एनआईसी दरभंगा से जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि होली के दौरान सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रिय एवं सतर्क रहें तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं पुलिस केंद्र के प्रभारी पदाधिकारियों को आवश्यक बल की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संवेदनशील चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें।