सीतामढ़ी : नेपाल प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर हाई अलर्ट,

2 मार्च से भारत-नेपाल सीमा सील, 5 मार्च तक साइलेंट पीरियड; शराब बिक्री और वाहन परिचालन पर पूर्ण रोक

दस्तक 7मीडिया /सीतामढ़ी

नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी काफी बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती जिलों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। 2 मार्च से भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील कर दिया जाएगा, जो 5 मार्च तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में सीमा से किसी भी प्रकार का वाहन परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बॉर्डर से सटे ग्रामीण इलाकों, पगडंडियों, खेत-खलिहानों और नदी किनारे के वैकल्पिक रास्तों पर सघन निगरानी शुरू कर दी है। खासकर उन मार्गों पर अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है, जिनका उपयोग प्रायः स्थानीय आवाजाही के लिए किया जाता है।

नेपाल से भागे कैदियों और संदिग्धों पर विशेष नजर

सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि चुनाव के दौरान असामाजिक तत्व या नेपाल से फरार कैदी सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में शरण लेने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए सभी चेक पोस्टों पर जांच कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।

विदेशी और भारतीय नंबर प्लेट वाहनों के प्रवेश पर रोक

प्रशासन के अनुसार 2 मार्च से सीमा पार से आने-जाने वाले विदेशी और भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। सीमावर्ती बाजारों और चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

2 से 5 मार्च तक साइलेंट पीरियड

नेपाल में चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर 2 मार्च से 5 मार्च तक साइलेंट पीरियड लागू रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की चुनावी गतिविधि, सभा या प्रचार-प्रसार पर रोक रहेगी। सीमा से सटे भारतीय क्षेत्रों में भी एहतियातन सतर्कता बढ़ाई गई है, ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

शराब बिक्री, वितरण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध

सीमावर्ती क्षेत्रों में 2 से 5 मार्च तक शराब की बिक्री, वितरण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों को सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सीमा संबंधी निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या सुरक्षा बलों को दें। चुनाव अवधि के दौरान दोनों देशों के बीच समन्वय बनाकर शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।