अवैध शराब के खिलाफ दरभंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई:

4320 लीटर अर्धनिर्मित देशी शराब नष्ट, कई भट्ठियां ध्वस्त

दस्तक 7मीडिया /drbh

अवैध शराब निर्माण, भंडारण, सेवन और परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए दरभंगा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ताजा कार्रवाई में विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित देशी चुलाई शराब (गुड़की) को नष्ट किया गया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों और भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया।

आसूचना के आधार पर सदर थाना, बहादुरपुर थाना, फेकला थाना एवं जाले थाना की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब निर्माण स्थलों पर पहुंचकर अर्धनिर्मित देशी चुलाई शराब (गुड़की) को मौके पर ही विनष्ट किया गया। साथ ही शराब बनाने वाले विभिन्न प्रकार के उपकरण, बर्तन एवं भट्ठियों को तोड़कर नष्ट कर दिया गया।

वहीं बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमला नदी के किनारे ड्रोन की सहायता से सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 4200 लीटर अर्धनिर्मित देशी चुलाई शराब (गुड़की) एवं 120 लीटर अर्धनिर्मित देशी शराब बरामद कर उसे नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में सभी अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया।

सदर थाना, बहेड़ा थाना, बहादुरपुर थाना, फेकला थाना एवं जाले थाना की संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।