समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में आज एक गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्त्ता (राजस्व) मनोज कुमार ने की।
आज यह समारोह जिला राजस्व शाखा, दरभंगा के दो कर्मियों मो. शकील अहमद (लिपिक) एवं राम सखी देवी (कार्यालय परिचारी) — के सम्मान में उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके कार्यों पर प्रकाश डाला।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में अपर समाहर्त्ता मनोज कुमार ने कहा कि मो. शकील अहमद एवं राम सखी देवी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ किया है। उन्होंने कहा कि राजस्व शाखा जैसे महत्वपूर्ण विभाग में लंबे समय तक सेवा देना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे दोनों कर्मियों ने सफलतापूर्वक निभाया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान सहकर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा दोनों कर्मियों के सौम्य व्यवहार, समयपालन एवं सहयोगी स्वभाव की प्रशंसा की। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके शेष जीवन के लिए स्वस्थ और निरोग रहने की शुभकामनाएँ दी गईं।
मो. शकील अहमद ने अपने संबोधन में विभाग में बिताए गए वर्षों को स्मरण करते हुए सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं राम सखी देवी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कार्यालय परिवार से मिला सहयोग एवं स्नेह जीवन भर याद रहेगा।