मनिगाछी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सम्पन्न,

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा बच्चा चोरी की अफवाहों पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन सतर्क

दस्तक 7मीडिया /मनीगाछी 

आगामी होली पर्व के मद्देनज़र तथा क्षेत्र में बच्चा चोरी को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक एवं निराधार अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मनिगाछी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष द्वारा की गई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि होली पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के वातावरण में मनाया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट रूप से बताया गया कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहें पूर्णतः निराधार हैं और ऐसे भ्रामक संदेशों को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करने से बचें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।

थानाध्यक्ष ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने के लिए प्रेरित करें।

बैठक के दौरान होली के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में नियमित गश्ती, चौकसी एवं निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि आमजन सुरक्षित एवं निश्चिंत होकर त्योहार मना सकें।

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।