दरभंगा-बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान 7 अप्रैल से, अकासा एयर ने शुरू की टिकट बुकिंग
दरभंगा-बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान 7 अप्रैल से, अकासा एयर ने शुरू की टिकट बुकिंग
दरभंगा-बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान 7 अप्रैल से, अकासा एयर ने शुरू की टिकट बुकिंग
दस्तक 7मीडिया /अफजल खां
दरभंगा और बेंगलुरु के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अकासा एयर ने इस रूट पर 7 अप्रैल से सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा कर दी है। एयरलाइन ने टिकटों की बुकिंग भी प्रारंभ कर दी है। फिलहाल सप्ताह में पांच दिन दोनों शहरों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट संचालित की जाएगी।
एक प्रतिष्ठित ट्रैवल वेबसाइट के अनुसार बेंगलुरु से विमान सुबह 9:40 बजे उड़ान भरेगा और दोपहर 12:15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेगा। वहीं दरभंगा से दोपहर 12:50 बजे उड़ान भरकर फ्लाइट 3:30 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
अब तक दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में यात्रियों को या तो पटना एयरपोर्ट जाना पड़ता था या फिर कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए सफर करना पड़ता था। इससे यात्रा में अतिरिक्त समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे। खासकर कामकाजी लोगों, छात्रों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा के लिए अहम
बेंगलुरु देश का प्रमुख आईटी और शैक्षणिक केंद्र है। बड़ी संख्या में मिथिलांचल के छात्र और पेशेवर वहां कार्यरत हैं। वहीं दरभंगा और आसपास के जिलों से लोग इलाज और रोजगार के सिलसिले में भी बेंगलुरु जाते हैं। सीधी उड़ान सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापारिक और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होंगे।
दरभंगा एयरपोर्ट की बढ़ेगी कनेक्टिविटी
इस नई सेवा से दरभंगा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। पहले से दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। अब बेंगलुरु के जुड़ने से दक्षिण भारत के लिए सीधा हवाई मार्ग उपलब्ध हो जाएगा।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में सप्ताह के सभी सातों दिन उड़ान सेवा शुरू की जाएगी।