बिरौल में सद्भावना के रंग, सहनी समाज ने होली मिलन समारोह के जरिए दिया आपसी भाईचारे का संदेश

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।


परंपरा और आधुनिकता के संगम के साथ, शुक्रवार को बिरौल के सुपौल बाजार आदर्श नगर स्थित सहनी नवयुवक एकता संघ के सौजन्य से एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। हाटगाछी स्थित विवाह भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सहनी समाज के गणमान्य लोगों ने शिरकत की और आगामी त्योहार को प्रेम, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
समारोह में सुपौल बाजार, सहनी पूर्वी टोला, बिचला टोला, अफजला खेबा और जिराती समेत कई इलाकों के प्रबुद्ध नागरिक और युवा शक्ति एकत्रित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दशकों से चली आ रही होली की सांस्कृतिक परंपराओं को अक्षुण्ण रखना और समाज में एकता का संचार करना था।
कार्यक्रम के दौरान आदर्श नगर के वरिष्ठ नागरिक व संघ के कोषाध्यक्ष विनोद सहनी ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि इस बार होलिका दहन,आगामी सोमवार को रात्रि 9 बजे तक संपन्न किया जाएगा। होली मुख्य पर्व बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। संघ के अध्यक्ष रामचंद्र सहनी और सचिव चौधरी सहनी के नेतृत्व में जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन पर भी रणनीति बनी। पूर्व मुखिया शत्रुघ्न सहनी और अजय सहनी ने जोर दिया कि जुलूस निकालने से पूर्व प्रशासन को ‘रूट चार्ट’ सौंपकर अवगत कराया जाएगा ताकि सुरक्षा और व्यवस्था में कोई चूक न हो।
इस वर्ष होली मिलन समारोह की सबसे खास बात संवेदनशीलता रही। वक्ताओं ने याद दिलाया कि वर्तमान में मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान माह भी चल रहा है। ऐसे में सहनी समाज ने यह निर्णय लिया कि होली का उत्साह इस प्रकार मनाया जाए जिससे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे और आपसी भाईचारा कायम रहे।
बैठक के समापन के पश्चात, उपस्थित गणमान्य लोगों और युवाओं ने हाटगाछी से पुराना थाना चौक तक एक ‘शांति मार्च’ निकाला। इस मार्च के जरिए समाज के हर वर्ग को यह संदेश दिया गया कि त्योहार केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का माध्यम है। इस अवसर पर युवराज सहनी, गणेश सहनी, कैलाश सहनी, महेंद्र सहनी, हरी सहनी, विंदे सहनी, शत्रुघ्न सहनी, दिनेश सहनी समेत दर्जनों युवा और समाज के संरक्षक मौजूद थे।