बारात में जा रहे नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत, खुशियां मातम में बदलीं
बारात में जा रहे नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत, खुशियां मातम में बदलीं
बारात में जा रहे नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत, खुशियां मातम में बदलीं
दस्तक 7मीडिया /अफजल खां
दरभंगा–बेनीपुर–बिरौल स्टेट हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गई। मृतक की पहचान उगन शर्मा के रूप में हुई है, जो बहेड़ा थाना क्षेत्र के मकरमपुर गांव का निवासी था। वह अपने चचेरे भाई की बारात में शामिल होने जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, बीती रात वह बारात के साथ साहो पटनिया गांव जा रहा था। इसी दौरान धरौरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सबसे मार्मिक बात यह है कि उगन शर्मा की शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी। अभी उसकी पत्नी के हाथों की मेहंदी भी ठीक से नहीं सूखी थी कि यह दुखद खबर आ गई। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली में निजी नौकरी करता था और अपनी शादी के लिए एक महीने पहले ही घर आया था। शादी के बाद वह चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए रुका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।