ब्रेकिंग :बिरौल अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी फरार, महकमे में मचा हड़कंप,डीएसपी ने कहा कि फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिये पुलिस टीम गठित।

दस्तक7मिडिया, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है, इलाज और शारीरिक जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया एक कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद से ही क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है, वहीं पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर भी उंगलियां उठ रही हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला बिरौल थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का है। बीते बुधवार की रात गांव की एक महिला ने एक युवक पर जबरदस्ती करने का प्रयास और छेड़खानी का आरोप लगाते हुए वृहस्पतिवार को थाने में आवेदन दिया था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक, जिसकी पहचान मणिकांत पासवान के रूप में हुई है, उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
थानाध्यक्ष चन्द्र मणि के निर्देश पर आरोपी को शारीरिक जांच के लिए चौकीदार की अभिरक्षा में पुलिस वाहन से सीएचसी बिरौल भेजा गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल से मौका पाकर शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। बीती रात से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक मणिकांत पासवान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस गंभीर मामले पर फिलहाल कोई भी पुलिस पदाधिकारी आधिकारिक पुष्टि करने से बच रहे हैं हालांकि डीएसपी प्रभाकर तिवारी ने कहा हे कि उक्त आरोपी को थाने लाया गया था लेकिन उसका तबियत खराब रहने के कारण अस्पताल भेजा गया।उन्होंने बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिये टीम गठित कर दिया गया हे। हालांकि डुमरी गांव समेत पूरे क्षेत्र में पुलिस की इस लापरवाही को लेकर जोरों पर चर्चा हो रही है।