बिहार में ट्रैफिक नियमों में बड़ा सुधार: एक दिन में एक ही गलती पर कटेगा सिर्फ एक चालान
बिहार में ट्रैफिक नियमों में बड़ा सुधार: एक दिन में एक ही गलती पर कटेगा सिर्फ एक चालान
बिहार में ट्रैफिक नियमों में बड़ा सुधार: एक दिन में एक ही गलती पर कटेगा सिर्फ एक चालान
दस्तक 7मीडिया /पटना
बिहार में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब एक ही वाहन से एक दिन में एक ही तरह की गलती होने पर बार-बार चालान नहीं कटेगा। इस नए अपडेट से उन वाहन चालकों को राहत मिलेगी, जिन्हें एक ही दिन में अलग-अलग जगहों पर लगे कैमरों से कई बार चालान का सामना करना पड़ता था।
पहले एक ही गलती पर कई बार कट जाता था चालान
अब तक की व्यवस्था में अगर किसी बाइक या कार से ट्रैफिक नियम का उल्लंघन होता था—जैसे बिना हेलमेट सवारी, सीट बेल्ट न लगाना या अन्य नियमों की अनदेखी—तो शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरे उस वाहन की तस्वीर कैद कर लेते थे।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट था, तो पटना के कोतवाली चौराहे, अटल पथ और एम्स गोलंबर जैसे अलग-अलग स्थानों पर एक ही दिन में अलग-अलग चालान जारी हो जाते थे। ऐसे में एक ही गलती के लिए हजार-हजार रुपये के तीन चालान कटकर कुल 3000 रुपये तक का जुर्माना लग जाता था।
सिस्टम अपग्रेड से मिलेगी राहत
बिहार पुलिस ने ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम को अपग्रेड किया है। नए अपडेट के तहत अब यदि किसी वाहन से एक ही प्रकार की गलती एक दिन में कई जगह दर्ज होती है, तो उसका चालान केवल एक बार ही जारी किया जाएगा।
इस तकनीकी सुधार का उद्देश्य आम लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाना और ट्रैफिक प्रवर्तन व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत बनाना है।
लोगों ने किया स्वागत
पटना से सटे नौबतपुर के राहुल कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने नए नियम के बारे में जानकारी मिलने के बाद इसे सराहनीय कदम बताया। उनका कहना है कि इससे ईमानदार वाहन चालकों को राहत मिलेगी और व्यवस्था पर भरोसा बढ़ेगा।
सतर्क रहने की अपील
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह राहत नियमों की अनदेखी के लिए छूट नहीं है। यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य है और उल्लंघन की स्थिति में चालान अवश्य कटेगा,लेकिन अब एक ही दिन में एक ही गलती के लिए बार-बार जुर्माना नहीं लगेगा।नए सिस्टम के लागू होने से उम्मीद की जा रही है कि ट्रैफिक प्रबंधन अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगा।