दरभंगा में एसएसपी का औचक निरीक्षण,

जाले थाना और कमतौल थाना में रजिस्टरों की जांच, कई पर मांगा स्पष्टीकरण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा बुधवार 26 फरवरी 2026 को जाले एवं कमतौल थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न पंजीयों की अद्यतन स्थिति, लंबित कांडों की प्रगति, हाजत सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

जाले थाना में लोक शिकायत पंजी नहीं मिली अद्यतन

जाले थाना में दागी पंजी, अपराध पंजी, जेल से छूटे अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल, दैनिकी पंजी, ओडी पंजी, गुंडा पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी, गिरफ्तारी पंजी, हाजत पंजी, लोकशिकायत पंजी एवं समन-वारंट/कुर्की रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई।

जांच के दौरान लोकशिकायत पंजी अद्यतन नहीं पाई गई। इस पर प्रभारी पदाधिकारी पु.अ.नि. दीपशिखा से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा पंजी संधारण में लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी गई।

एसएसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, अविलंब गिरफ्तारी, विधि-व्यवस्था संधारण, पंजी संधारण की नियमित समीक्षा, समन/BW/NBW की 15 दिनों के भीतर तामिला तथा इश्तिहार व कुर्की की तीन दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, हाजत सुरक्षा और आगामी होली पर्व को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। CCTNS कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कमतौल थाना में कई पंजी मिलीं लंबित

कमतौल थाना में भी विभिन्न पंजीयों की जांच की गई। इस दौरान समन वारंट पंजी एवं कुर्की रजिस्टर अद्यतन नहीं पाए गए और न ही थानाध्यक्ष द्वारा उनका निरीक्षण किया गया था। इस पर प्रभारी पदाधिकारी पु.अ.नि. सुभाष प्रसाद सिंह एवं थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया।

इसके अतिरिक्त हाजत पंजी एवं गिरफ्तारी पंजी भी अद्यतन नहीं मिली, जिस पर प्रभारी पदाधिकारी पु.अ.नि. गोरख राम से जवाब-तलब किया गया तथा सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने की सख्त हिदायत दी गई।

एसएसपी ने यहां भी लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंटों की समयबद्ध तामिला, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, हाजत सुरक्षा की मजबूती, साफ-सफाई तथा होली पर्व के मद्देनजर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए। CCTNS कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।