सोशल मीडिया पर ‘बच्चा चोरी’ की अफवाहों से सतर्क रहें: दरभंगा पुलिस की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों की चोरी, गुमशुदगी एवं अपहरण से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं के तेजी से प्रसार को लेकर दरभंगा पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हाल के दिनों में कई ऐसे वीडियो और संदेश वायरल किए जा रहे हैं, जिनमें से अनेक भ्रामक अथवा असत्य पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की अफवाहों से आमजन में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, साथ ही पुलिस प्रशासन के प्रति अविश्वास की भावना भी बढ़ सकती है। ऐसे में नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड न करें।

सूचना की पुष्टि के लिए करें आधिकारिक संपर्क

दरभंगा पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध सूचना प्राप्त होती है, तो उसकी पुष्टि हेतु तुरंत:
नजदीकी थाना से संपर्क करें,
जिला पुलिस कंट्रोल रूम से जानकारी लें, या
आपात स्थिति में डायल-112 पर कॉल करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सतत निगरानी और त्वरित जांच

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ऐसे सभी मामलों की सतत निगरानी की जा रही है। प्राप्त सूचनाओं की त्वरित जांच कर सत्यता सामने लाई जा रही है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जन-जागरूकता अभियान भी जारी

संवेदनशील मामलों को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि आमजन अफवाहों के प्रति सजग रहें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।

दरभंगा जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

“किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर कॉल करें।