दरभंगा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की ओर से अलीनगर प्रखंड अंतर्गत लहटा तुमौल सुहथ पंचायत के उच्च माध्यमिक विद्यालय तुमौल में सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत पंचायत स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिव गोपाल मिश्र ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध जैसे कानूनों को शत-प्रतिशत लागू करने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। साथ ही, उन्होंने लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए खेलकूद के साथ जूडो-कराटे जैसे खेलों का प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा वृक्षारोपण कर की गई। इस अवसर पर बच्चों ने बाल विवाह विषय पर नाटक एवं कविता पाठ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। बच्चों की जीवंत प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार झा, मुरारी लाल शर्मा तथा अधिवक्ता मृत्युंजय मृणाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित कुमार मिश्र, प्रशिक्षु डीएसपी सह बहेड़ा थानाध्यक्ष रौशन कुमार, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य फूलचंद्र मिश्र रमण, शिक्षाविद रामकुमार झा, पंचायत के मुखिया सतीश चंद्र झा एवं सरपंच शिवशंकर झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।