पांच चिन्हित स्थलों पर सुबह 8 बजे बजेगी चेतावनी, DMCH में बनेगा अस्थायी अस्पताल
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान में दरभंगा जिला प्रशासन द्वारा 26 फरवरी 2026 को जिले में भूकंप आपदा से निपटने की तैयारियों की परख के लिए व्यापक मॉक अभ्यास (ड्रिल) आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह लगभग 8 बजे भूकंप के आभास की चेतावनी प्रसारित की जाएगी, जिसके बाद विभिन्न विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन करेंगी।
इन पांच स्थानों पर होगा अभ्यास
मॉक ड्रिल के लिए शहर के पांच प्रमुख स्थलों को चिन्हित किया गया है—
1. उर्दू राजभाषा कोषांग, समाहरणालय परिसर
2. सत्यनाम पेट्रोल पम्प, सैदनगर
3. अधीक्षक का पूर्व कार्यालय, Darbhanga Medical College and Hospital (DMCH)
4. राजकीय मध्य विद्यालय, पूअर होम
5. रिलायंस ट्रेंड्स स्टोर, राज कुमारगंज
चेतावनी के बाद SDRF, NDRF, अग्निशमन विभाग, गृहरक्षावाहिनी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थलों पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य का पूर्वाभ्यास करेंगी। सामुदायिक स्वयंसेवकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
DMCH में बनेगा 20 बेड का मेकशिफ्ट अस्पताल
संभावित घायलों के उपचार हेतु DMCH परिसर में 20 मरीजों की क्षमता वाला अस्थायी अस्पताल तैयार किया गया है, जहां प्राथमिक उपचार और ट्रॉमा केयर की व्यवस्था रहेगी।
लहेरियासराय में बनेगा राहत शिविर
बल्क स्टोरेज क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को आपदा की स्थिति में अस्थायी रूप से विस्थापित करने की योजना भी अभ्यास का हिस्सा है। इसके लिए आदर्श मध्य विद्यालय, लहेरियासराय को राहत शिविर के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
समाहरणालय में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
पूरे मॉक अभ्यास के संचालन एवं निगरानी के लिए जिला समाहरणालय परिसर में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। राज्य स्तर के 8 पर्यवेक्षकों तथा आयुक्त स्तर से एक पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मॉक ड्रिल के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। यह अभ्यास केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।