बिहार पुलिस सप्ताह-2026: मिथिलेश स्टेडियम में भव्य रैतिक परेड, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के अवसर पर BSAP-5, पटना स्थित मिथिलेश स्टेडियम में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए और परेड की सलामी ली।

समारोह में उपमुख्यमंत्री (गृह) सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह विभाग) अरविन्द कुमार चौधरी सहित पुलिस के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

परेड में कुल 08 प्लाटूनों ने भाग लेते हुए अनुशासन, एकरूपता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। आकर्षक मार्च-पास्ट और सटीक कदमताल ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर वर्ष 2023-24 के लिए राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से अलंकृत तीन पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं वार्षिक पारितोषिक कार्यक्रम-2026 के तहत 12 प्रबुद्ध नागरिकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र सरकार की “विशिष्ट थाना” श्रेणी में चयनित दरभंगा नगर थाना के संबंधित पुलिस पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस के अनुशासन, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस-जन सहयोग से ही सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।