दरभंगा में श्रद्धा और संवेदना का संगम: राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार की राजनीति और सामाजिक जीवन से जुड़े अनेक प्रमुख चेहरों की उपस्थिति में दरभंगा आज श्रद्धा, संवेदना और आत्मीयता का केंद्र बना रहा। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दरभंगा पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी की दिवंगत माताजी स्वर्गीय राधा देवी सरावगी के श्राद्धकर्म में शामिल हुए और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दोनों ने दिवंगत पूज्य माताजी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें और परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। उन्होंने संजय सरावगी को धैर्य और साहस बनाए रखने का संदेश भी दिया।

राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी दरभंगा पहुंचे और श्राद्धकर्म में सम्मिलित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है, और उनका आशीर्वाद सदैव संतान के साथ रहता है।

उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री इस अवसर पर उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत पुण्यात्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
श्राद्धकर्म में कुछ केंद्रीय मंत्रियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का वातावरण और भी गंभीर एवं भावुक हो उठा।

कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़, भावनाओं का सैलाब

भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न मंचों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दरभंगा पहुंचे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वातावरण में श्रद्धा, मौन और संवेदना का भाव स्पष्ट झलक रहा था।

कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कहा कि राधा देवी सरावगी एक धार्मिक, सरल और संस्कारवान महिला थीं, जिनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन ने संजय सरावगी के जीवन और राजनीतिक यात्रा को मजबूत आधार दिया।

13 जुलाई को हुआ था निधन

उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी की माताजी राधा देवी सरावगी का 13 जुलाई की सुबह मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।

आज आयोजित श्राद्धकर्म में उमड़ी भीड़ और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति इस बात का प्रतीक रही कि एक मां के प्रति सम्मान और संवेदना किसी दल या पद की सीमाओं से परे होती है। पूरे आयोजन में श्रद्धा, आत्मीयता और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।