बैंक ऋण और लंबित मामलों के निपटारे पर जोर, जज शिव कुमार ने थानाध्यक्षों व बैंक अधिकारियों को दिए निर्देश,14 मार्च को बिरौल में सजेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारी जोरों पर।

दस्तक7मिडिया,विधि संवाददाता, बिरौल।

राष्ट्रीय लोक अदालत के मद्देनजर बिरौल अनुमंडलीय न्यायालय में तैयारी जोरों पर है। इसबार शनिवार 14 मार्च को लोक अदालत में 500 से अधिक न्यायालय में लंबित मुकदमों को निपटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बैंक ऋण मामलों के निष्पादन को बढ़ाने पर जोड़ दिया जा रहा है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति शिव कुमार ने थानाध्यक्षों एवं बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशानिर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मुकदमे जिसमें सुलहनामा दाखिल किया जा चुका है और वह शमनीय है तो उसे निपटाने के सभी प्रयास किए जायेंगे। यदि किसी मामले में कोई एक दो पक्षकार अनुपस्थित रहता है तो प्रयास किया जायेगा कि उनकी उपस्थिति वर्चुअल रुप से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए सुनिश्चित कर मामले को समाप्त किया जाये। एसीजेएम नरेश महतो ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पहल करें। एसडीजेएम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के सचिव प्रियांशु राज ने बैंक अधिकारियों को व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बैठक में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट पप्पू कुमार पंडित, सिविल जज राजू कुमार साह, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राकेश कुमार दीपक ने भी लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अपने अपने विचार प्रस्तुत किया। बैठक में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणी, घनश्यामपुर के आलोक कुमार, जमालपुर के मुकेश कुमार, कुशेश्वरस्थान गौरव कुमार, बड़गांव के विनीता कुमारी, तिलकेश्वर के केशरी नंदन राम, नदी थाना के सुशील कुमार एवं एसबीआई, पीएनबी, ग्रामीण बैंक आदि के अधिकारी मौजूद थे।