कृषि यांत्रिकीकरण मेले का भव्य उद्घाटन:

बहादुरपुर प्रखंड के हरिदेव दास को मिला 04 लाख रुपये का चेक, 300 किसानों को मिला यंत्रों का परमिट

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

स्थानीय कृषि विभाग के तत्वावधान में आयोजित ‘कृषि यांत्रिकीकरण मेला 2025-26’ का आज भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संयुक्त निदेशक (दरभंगा प्रमंडल)  संजय नाथ तिवारी, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, कृषि अभियंत्रण की उप-निदेशक डॉ. आकांक्षा एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मेले में अत्याधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया गया।

इस अवसर पर बहादुरपुर प्रखंड के प्रगतिशील किसान  हरिदेव दास को ‘कस्टम हायरिंग सेंटर’ की स्थापना हेतु 04 लाख रुपये का अनुदान चेक एवं सांकेतिक टोकन चाबी प्रदान की गई। इससे क्षेत्र के छोटे एवं सीमांत किसानों को सुलभ दरों पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध हो सकेंगे।

जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों के बीच रीपर-कम-बाइंडर, थ्रेशर एवं अन्य आधुनिक कृषि मशीनों के कुल 300 परमिटों का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि इन परमिटों का चयन 23 फरवरी को बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीकृत लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी ढंग से किया गया था।

समारोह के द्वितीय सत्र में आत्मा योजना के तहत जिले में प्राप्त उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि आत्मा के माध्यम से किसानों को उन्नत प्रशिक्षण एवं प्रत्यक्षण कार्यक्रमों द्वारा उनकी उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।

सहायक निदेशक (रसायन) एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सदर ने ‘मिट्टी जांच’ की महत्ता पर विस्तार से चर्चा करते हुए किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड के आधार पर उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही प्राकृतिक खेती (Natural Farming) के दूरगामी लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखते हुए कम लागत में शुद्ध एवं बेहतर उत्पादन संभव है।

मेले में उपस्थित किसानों ने विभागीय योजनाओं एवं पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के प्रति उत्साहजनक प्रतिक्रिया व्यक्त की।