सीएम-राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर शहर में ट्रैफिक प्लान लागू,24 फरवरी को सुबह 8 बजे से शास्त्री चौक-स्टेशन मार्ग बंद, वैकल्पिक रूट से चलेगा आवागमन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के 24 फरवरी को नगर थाना क्षेत्र स्थित शास्त्री चौक, दरभंगा रेलवे स्टेशन के निकट प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

दरभंगा पुलिस के अनुसार मिर्जापुर से शास्त्री चौक/रेलवे स्टेशन (हनुमान मंदिर) तक तथा C.I.D चौक से शास्त्री चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा। दगरू सेठ ज्वेलर्स की ओर से शास्त्री चौक जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी।

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मिर्जापुर से रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन आयकर चौक होकर स्टेशन जा सकेंगे। स्टेशन आने-जाने के लिए आयकर चौराहा से जी.एम. रोड का उपयोग किया जा सकेगा। स्टेशन से जी.एम. रोड होते हुए आयकर चौराहा और अन्य स्थानों तक आवागमन जारी रहेगा।

पार्किंग की व्यवस्था

वीआईपी/वीवीआईपी वाहनों के लिए पुअर होम, म्यूजियम गुमटी एवं बहुउद्देश्यी भवन (हराही पोखर) में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आम लोगों के वाहनों के लिए गौशाला (इंदिरा गांधी चौक), लक्ष्मेश्वर पार्किंग स्थल एवं आयकर चौक में व्यवस्था की गई है।

यह ट्रैफिक प्लान 24 फरवरी को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। अन्य मार्गों पर आवागमन सामान्य रहेगा। विशेष परिस्थिति में व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।