दरभंगा के बिरौल में हथियारबंद अपराधियों ने युवक को घेरा, हवाई फायरिंग कर छीनी यामहा R15 बाइक और मोबाइल

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने रविवार की रात एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। नौ की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर उसकी कीमती बाइक और मोबाइल लूट लिया। घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग भी करने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, अरुण मल्लिक (पिता स्व. सुकन मल्लिक), जो कुशेश्वर स्थान थाना क्षेत्र के खेतास कलना के निवासी हैं, रविवार रात करीब 9:45 बजे सुपौल बाजार से अपने घर लौट रहे थे।
तभी मेन रोड से कलना जाने वाली सड़क पर उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। जैसे ही वे रुककर बात करने लगे, तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार नौ अपराधी वहां आ धमके। सभी अपराधियों ने काले रंग के मास्क पहन रखे थे। रात में सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में बिरौल, कुशेश्वरस्थान की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात अपराधियों का पीछा किया। बताया जाता है कि लुटा गया मोबाइल फोन को अपराधियों ने घटना स्थल के कुछ दुरी पर फेंक कर भाग गया जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पीड़ित अरुण मल्लिक ने बताया कि अपराधियों ने पहले उनका मोबाइल छीना और फिर गर्दन पर पिस्तौल सटा दी। विरोध करने या शोर मचाने से रोकने के लिए अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की और उनकी यामहा R15 (नंबर BR07BC4278) बाइक लेकर ‘बेर चौक’ की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। छीनी गई बाइक वर्ष 2023 में लोन पर ली गई थी। आवेदन में पीड़ित ने अपराधियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।