वृद्धजनों के सामाजिक समावेशन की दिशा में नई पहल,

सभी प्रखंडों में गठित होंगे वृद्धजन स्वयं सहायता समूह,

जीविका व HelpAge India के सहयोग से राज्य का पहला पांच दिवसीय प्रशिक्षण दरभंगा में आयोजित।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वृद्धजनों के सामाजिक समावेशन एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जीविका द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में वृद्ध महिला एवं पुरुषों को संगठित कर वृद्धजन स्वयं सहायता समूह का गठन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा, आजीविका के अवसर तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करना है।

वृद्धजन स्वयं सहायता समूह के गठन को लेकर HelpAge India के सहयोग से पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होटल श्यामा रेजीडेनसी, दरभंगा में किया गया। यह प्रशिक्षण 17 फरवरी से प्रारंभ होकर 21 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इसमें जिले के प्रत्येक प्रखंड से दो-दो जीविका कर्मियों को चयनित कर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान राज्य कार्यालय एवं हेल्पएज इंडिया के विशेषज्ञों द्वारा वृद्धजन समूह गठन की प्रक्रिया, संचालन व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की रणनीति तथा स्वास्थ्य एवं जागरूकता गतिविधियों के संचालन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों को वृद्धजनों की विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यप्रणाली पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

सामाजिक विकास प्रबंधक नरेश कुमार ने बताया कि जिले के तीन प्रखंड— मनीगाछी, तारडीह एवं घनश्यामपुर —में वर्ष 2014 से अब तक 90 वृद्धजन समूहों का गठन किया जा चुका है। इन समूहों ने सामाजिक एकजुटता, पारस्परिक सहयोग तथा सरकारी योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब जीविका द्वारा इस मॉडल को औपचारिक रूप से अपनाते हुए जिले के सभी प्रखंडों में इसका विस्तार किया जाएगा।

प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को मनीगाछी एवं तारडीह प्रखंडों में क्षेत्र भ्रमण भी कराया गया, जहां पूर्व से गठित समूहों के साथ बैठक कर उनकी कार्यप्रणाली, उपलब्धियों एवं चुनौतियों की जानकारी ली गई। इस संवाद के माध्यम से समूहों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक संसाधनों एवं सहयोग पर चर्चा की गई।

प्रशिक्षण दल में हेल्पएज इंडिया से गिरीश चंद्र मिश्रा (मिशन हेड) एवं आलोक कुमार वर्मा (स्टेट हेड) तथा जीविका से गणेश कुमार (राज्य सलाहकार), अभिषेक कुमार (राज्य परियोजना प्रबंधक), नरेश कुमार (प्रबंधक, सामाजिक विकास), राजीव कुमार एवं विजय कुमार मिश्रा शामिल रहे। सभी विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं अनुभव-आधारित जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन डॉ. ऋचा गार्गी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिया कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर शीघ्र लागू करते हुए वृद्धजन समूह गठन की प्रक्रिया को गति दी जाए।

संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि इन समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य योजनाओं एवं विभिन्न आजीविका कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों एवं नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

राज्य में इस प्रकार के प्रथम चरण के प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट के उपरांत अब संबंधित प्रखंडों के कर्मियों एवं कैडरों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित कर व्यापक स्तर पर समूह गठन की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। इस पहल से जिले के हजारों वृद्धजनों को सामाजिक पहचान, सुरक्षा एवं आर्थिक सहयोग का सशक्त आधार मिलेगा और वे समाज की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेंगे।