दरभंगा में जनसुनवाई : उप विकास आयुक्त ने 20 से अधिक आवेदनों पर की सुनवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त स्वप्निल द्वारा आज जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जनसुनवाई आयोजित की गई।

जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएँ प्रस्तुत कीं। उप विकास आयुक्त ने कहा कि आमजनों की शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण हेतु प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस — सोमवार एवं शुक्रवार — को थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला एवं प्रमंडल स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।

आज आयोजित जनसुनवाई में 20 से अधिक आवेदनों पर विचार किया गया। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पंचायत सरकार भवन निर्माण, अतिक्रमण मुक्ति, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की बहाली तथा अन्य जनहित से संबंधित विषय शामिल रहे।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निस्तारण शीघ्र, पारदर्शी एवं विधिसम्मत ढंग से किया जाए तथा आवेदकों को समयबद्ध रूप से की गई कार्रवाई की सूचना उपलब्ध कराई जाए।