दरभंगा में पुलिस सप्ताह 2026 की धूम: मैराथन से जागरूकता, सजे थाने और मजबूत हुआ पुलिस–पब्लिक संवाद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिला में पुलिस सप्ताह 2026 का शुभारंभ उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। पहले दिन वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित मैराथन दौड़ ने पूरे शहर को एक सकारात्मक संदेश दिया। बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक इस आयोजन में शामिल हुए।

मैराथन के माध्यम से नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन, महिला सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग ही सुरक्षित समाज की नींव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भागीदार बनें।

पुलिस सप्ताह के अवसर पर जिले के विभिन्न थानों को विशेष रूप से सजाया गया। खासकर लहेरियासराय थाना समेत कई थाना परिसर को दुल्हन की तरह रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जो आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। थानों में साफ-सफाई, जनसुनवाई व्यवस्था और आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस-पब्लिक गठजोड़ को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद और सामुदायिक बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का मकसद पुलिस के प्रति आमजन में विश्वास बढ़ाना और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखना है।

पुलिस सप्ताह के दौरान आने वाले दिनों में रक्तदान शिविर, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, महिला सुरक्षा पर विशेष कार्यशाला और सामुदायिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

दरभंगा में पुलिस सप्ताह का यह आयोजन न सिर्फ उत्सव का रूप ले चुका है, बल्कि यह पुलिस और जनता के बीच साझेदारी की नई मिसाल भी पेश कर रहा है।