22 से यानि आज से 27 फरवरी तक मनाया जाएगा बिहार पुलिस सप्ताह, राज्यभर में होंगे विविध कार्यक्रम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राज्य में 22 से 27 फरवरी तक भव्य रूप से बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार इस दौरान राज्य स्तर पर कई जन-जागरूकता एवं जनसंपर्क आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बिहार पुलिस सप्ताह की शुरुआत वर्ष 1958 में की गई थी। वर्ष 2007 से इसे नियमित रूप से राज्यभर में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को और मजबूत बनाना है।

ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर नुक्कड़ नाटक

पुलिस सप्ताह के दौरान साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव जैसे ज्वलंत विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

छात्र-युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं

विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं पुलिस की भूमिका, कानून व्यवस्था और सामाजिक सरोकारों पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे। विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

खेल और प्रदर्शन से बढ़ेगा जुड़ाव

पुलिस और आम नागरिकों के बीच मैत्री क्रिकेट व फुटबॉल मैच आयोजित किए जाएंगे, जिससे आपसी संवाद और सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही श्वान दस्ता (डॉग स्क्वॉड) का प्रदर्शन, अश्वारोही दल की आकर्षक प्रस्तुति और पुलिस बैंड शो भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा।

जनता से जुड़ाव पर विशेष जोर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस सप्ताह केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के साथ साझेदारी मजबूत करने का माध्यम है। इस दौरान विभिन्न जिलों में भी स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस-जन संवाद को सशक्त किया जाएगा।

पुलिस सप्ताह के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस समाज के हर वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।