साइबर अपराध पर सख्ती: वरीय पुलिस अधीक्षक का साइबर थाना औचक निरीक्षण, लंबित कांड शीघ्र निपटाने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जांच प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को दरभंगा में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी द्वारा साइबर थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में थाने की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध से संबंधित लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा डिजिटल साक्ष्यों का विधिसम्मत संकलन करने का स्पष्ट निर्देश दिया। सभी लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई कर परिणाम देने पर विशेष जोर दिया गया।

साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए थानों में प्रतिनियुक्त तकनीकी विशेषज्ञों, प्रोग्रामरों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों को अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने और तेजी से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जनता की शिकायतों के त्वरित निपटारे एवं साइबर अपराधियों पर प्रभावी नकेल कसने हेतु ठोस रणनीति तैयार करने को कहा गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से युवाओं और छात्रों को फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड और सोशल मीडिया बुलिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अंजान लिंक पर क्लिक न करें, अपने क्रेडिट कार्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें तथा सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखें। किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज करें या टोल फ्री नंबर 1930 पर संपर्क करें।