मिथिला लोक उत्सव पर दिग्घी तालाब में 28 फरवरी को नौकायन प्रतियोगिता,

25 फरवरी तक कराएं पंजीकरण, सीमित प्रतिभागियों को मिलेगा मौका

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मिथिला लोक उत्सव-2025 के अवसर पर 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को प्रातः 10:30 बजे दिग्घी तालाब में भव्य नौकायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

नौकायन प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित होगी। पहली श्रेणी एकल प्रतिभागियों के लिए होगी, जिसमें अधिकतम 10 प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। दूसरी श्रेणी युगल प्रतियोगिता की होगी, जिसमें एक नाव पर दो प्रतिभागी शामिल होंगे। युगल वर्ग में कुल 10 नावों के लिए 20 प्रतिभागियों को अवसर दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 23 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक कार्यालय अवधि में जिला मत्स्य कार्यालय, दरभंगा में अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं एवं नाविकों से इस पारंपरिक और रोमांचक प्रतियोगिता में भाग लेकर मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाने की अपील की है।