मिथिला लोक उत्सव-2026 के तहत भित्ति चित्र प्रतियोगिता शुरू, 50 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला प्रशासन, दरभंगा के तत्वावधान में आयोजित मिथिला लोक उत्सव-2026 के अंतर्गत दीवार पर मिथिला पेंटिंग (भित्ति चित्र) प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है। यह प्रतियोगिता 25 फरवरी 2026 तक पाँच दिनों तक चलेगी। आयोजन स्थल प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, लहेरियासराय की चयनित दीवारों पर विभिन्न पारंपरिक विषयों पर चित्रांकन किया जा रहा है।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी  चंदन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं—14 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग। दोनों वर्गों में मिलाकर 50 से अधिक प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का संचालन नोडल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार के नेतृत्व में तथा वरिष्ठ कलाकार एवं चिंतक बीरेन्द्र नारायण सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है।

प्रतिभागी ‘जीवन चक्र’, ‘सीता-राम स्वयंवर’, ‘दशावतार’ जैसे पारंपरिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना एवं स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है।