दरभंगा में रोजगार मेले की धूम,1173 युवाओं ने कराया निबंधन, 640 का हुआ चयन।विधायक बोले -सरकार का सबसे अधिक भरोसा जीविका दीदियों पर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बेनीपुर प्रखंड में आयोजित रोजगार सह मार्गदर्शन मेले में युवाओं का उत्साह चरम पर दिखा। सुबह से ही मेला परिसर में भारी भीड़ उमड़ी रही। शिक्षित युवक-युवतियों ने रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के अवसरों को लेकर गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम की शुरुआत विजय लक्ष्मी दीदी के स्वागत-गान से हुई।

मुख्य अतिथि बेनीपुर के माननीय विधायक विनय कुमार चौधरी सहित प्रखंड प्रमुख मुकुंद चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष मो० इकबाल, उप प्रमुख नुनु महतो, बीस सूत्री उपाध्यक्ष रजनीश सुन्दरम, जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी, बीडीओ प्रवीण कुमार, डिप्टी चेयरमैन राजीव ठाकुर, बीपीएम राजन कुमार एवं रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का भ्रमण कर युवाओं से संवाद किया और उन्हें कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।

विधायक ने कहा कि सरकार को सबसे अधिक भरोसा जीविका दीदियों पर है। उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें भरोसे का प्रतीक बना दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की जानकारी देते हुए महिलाओं से रोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।

जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि रोजगार सह मार्गदर्शन मेला युवाओं और जीविका दीदियों के लिए संभावनाओं का महत्वपूर्ण मंच है। यह केवल नौकरी तक सीमित नहीं, बल्कि कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है।

रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू ने बताया कि मेले में 16 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कुल 1173 युवाओं ने निबंधन कराया, जिनमें से 480 युवाओं का सीधी भर्ती के लिए चयन, 90 युवाओं का कौशल प्रशिक्षण एवं नियोजन हेतु चयन तथा 70 युवाओं ने स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया।

बीपीएम राजन कुमार ने बताया कि भविष्य में भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों, परामर्श सत्रों और सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को जोड़ने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में जीविका जिला कार्यालय एवं प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों जीविका दीदियों की उपस्थिति रही। रोजगार मेले ने युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ स्वरोजगार की राह भी दिखाई।