आयुक्त की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई,

20 से अधिक मामलों की सुनवाई, त्वरित व पारदर्शी समाधान के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में 20 से अधिक मामलों की सुनवाई की गई और संबंधित विभागों को त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण मुक्ति, विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याएं तथा अन्य जनसामान्य से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयुक्त ने प्रत्येक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनते हुए विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निष्पादन किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रगति प्रतिवेदन समय-समय पर प्रस्तुत किया जाए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान संभव हो सके। आयुक्त ने दोहराया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार एवं शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने कक्ष में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करते हैं।

जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।