घनश्यामपुर,हिंसक झड़प के बाद प्रशासन मुस्तैद; होली और रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, भ्रामक संदेश, फोटो या वीडियो वायरल करने वालों पर होगी प्राथमिकी दर्ज,

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

पाली रन पट्टी मैदान में हाल ही में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद प्रशासन पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर है। एक ओर जहां रमजान का पवित्र महीना शुरू हो चुका है, वहीं दूसरी ओर 4 मार्च को होने वाले होली महापर्व को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
इसी उद्देश्य से शुक्रवार को एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी की मौजूदगी में घनश्यामपुर थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने क्षेत्र में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। हालिया घटनाक्रम को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि होली संपन्न होने तक संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम फेसबुक,व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है इसके अलावा
जाति या धर्म से संबंधित कोई भी भ्रामक संदेश, फोटो या वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
एसडीएम शशांक राज ने सभी समुदायों से मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। वहीं,थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि विवाद की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। इन क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और जल्द ही फ्लैग मार्च निकालकर उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया जाएगा। शांति समिति की इस बैठक में क्षेत्र के कई दिग्गज नेता और समाजसेवी मौजूद रहे, जिनमें पूर्व राजद प्रत्याशी विनोद मिश्रा,पूर्व प्रमुख अविनाश झा,राजद नेता फखरे आलम लड्डू, समाजसेवी दुर्गा झा एवं प्रमुख प्रतिनिधि चंद्रशेखर झा,मुखिया संजीव सिंह, चंदन ठाकुर, संजय झा आदि शामिल थे।