गीता लाइब्रेरी में क्विज प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण, मेधावी छात्र सम्मानित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

गांधीनगर मोहल्ला स्थित गीता लाइब्रेरी में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक रविशंकर जी ने कहा कि उद्यम, साहस, धैर्य, शक्ति, बुद्धि और प्राक्रम जैसे छह गुण यदि व्यक्ति अपने जीवन में समाहित कर ले, तो संपूर्ण संसार स्वतः उसकी ओर आकर्षित होता है। उन्होंने छात्रों को इन गुणों को आत्मसात कर लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

प्रतियोगिता में कुल 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 10 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार सत्यजीत कुमार, द्वितीय पुरस्कार सौरभ पोद्दार और तृतीय पुरस्कार सुजीत कुमार को प्रदान किया गया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख अविनाश जी ने विद्यार्थियों को नियमित पुस्तक पठन की आदत विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कई छात्र पुस्तक पढ़ने की परंपरा से दूर होते जा रहे हैं, जबकि ज्ञानार्जन का सबसे सशक्त माध्यम पुस्तकें ही हैं।

अन्य वक्ताओं में मदन कुमार झा, प्रदीप गुप्ता और मृत्युंजय कुमार ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव साह ने किया। संस्था के निदेशक चन्द्र मोहन ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सौरव कुमार, संजीव कुमार, गुरुदेव कुमार एवं डॉ. नीतीश कुमार की प्रमुख भूमिका रही। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।