50 हजार की रिश्वत लेते ICDS की DPO अनीता कुमारी गिरफ्तार, घर से 4 लाख नगद बरामद,

विशेष निगरानी इकाई की बड़ी कार्रवाई, पटना में होगी पेशी

दस्तक 7मीडिया ,पटना/नालंदा 

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई, पटना की टीम ने ICDS ठाकुरगंज की DPO अनीता कुमारी-2 को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नालंदा जिले से प्राप्त एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर तियारी निवासी नागेन्द्र कुमार ने निगरानी इकाई को शिकायत दी थी। आरोप था कि DPO द्वारा आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई करने की धमकी दी जा रही थी और उससे बचाने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई थी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कांड संख्या-08/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान उनके पास से अतिरिक्त चार लाख रुपये नकद भी बरामद किए जाने की जानकारी विभागीय सूत्रों ने दी है। बरामद राशि के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को शुक्रवार को निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है